डॉ. वाईएस परमार की जयंती पर नाहन में कार्यक्रम आयोजित, विधायक अजय सोलंकी रहे मौजूद

rakesh nandan

04/08/2025

नाहन  || 4 अगस्त 2025 || हिमाचल प्रदेश निर्माता और प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती पूरे राज्य में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर नाहन में भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विधायक ने डॉ. परमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से रूबरू हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि डॉ. परमार के योगदान को कभी भी कम नहीं आंका जा सकता। उन्होंने प्रदेश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उनका जीवन हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। सोलंकी ने कहा, “हमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर डॉ. परमार द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना चाहिए। उनका दृष्टिकोण हमेशा प्रदेश की भलाई के लिए रहा और हमे उनकी सोच से प्रेरणा लेकर प्रदेश के विकास में योगदान देना चाहिए।”

विधायक ने आगे कहा कि, “आज पूरा हिमाचल प्रदेश डॉ. परमार की जयंती को हर्षोल्लास के साथ मना रहा है। नाहन में भी इस जयंती के अवसर पर यह आयोजन किया गया है, और हमें इस दिन को मनाने का मतलब केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और दृष्टिकोणों को अपने जीवन में उतारना है।”

उन्होंने डॉ. परमार के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके द्वारा शुरू की गई योजनाओं और पहल के परिणामस्वरूप आज हिमाचल प्रदेश में सड़कों का जाल फैल चुका है और राज्य के दूरदराज इलाकों में भी संपर्क बेहतर हो गया है। विधायक ने यह भी कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी डॉ. परमार की सोच पर आगे बढ़ते हुए प्रदेश के विकास के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रहे हैं।

कार्यक्रम में कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और स्थानीय लोग भी शामिल हुए और सभी ने मिलकर डॉ. परमार के योगदान को याद किया। इस आयोजन ने हिमाचल प्रदेश के विकास में डॉ. परमार के योगदान को एक बार फिर से रेखांकित किया और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment