कांग्रेस का फैसला युवाओं के भविष्य से खिलवाड़: शुक्ला

rakesh nandan

08/01/2026

भारतीय जनता युवा मोर्चा, हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला ने प्रदेश कांग्रेस सरकार द्वारा राजस्व विभाग में सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुनः नियुक्त करने के निर्णय की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के लाखों बेरोज़गार युवाओं के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है और कांग्रेस सरकार की युवा-विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।

डॉ. सनी शुक्ला ने कहा कि चुनावों के दौरान कांग्रेस पार्टी ने पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियाँ देने और पांच वर्षों में पांच लाख सरकारी नौकरियाँ सृजित करने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार नई भर्तियाँ निकालने के बजाय सेवानिवृत्त अधिकारियों की पुनर्नियुक्ति कर रही है। यह कांग्रेस के चुनावी वादों की सच्चाई को सामने लाता है।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हुए रोजगार की आस लगाए बैठा है, लेकिन कांग्रेस सरकार युवाओं को अवसर देने के बजाय पुराने तंत्र को आगे बढ़ा रही है। यह निर्णय न केवल युवाओं के साथ अन्याय है, बल्कि उनके सपनों को भी कुचलने वाला है।

डॉ. सनी शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार का यह कदम दर्शाता है कि सरकार न तो युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है और न ही अपने घोषणापत्र पर अमल करना चाहती है। प्रदेश का युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि यह निर्णय तत्काल वापस लिया जाए, नियमित और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नई नौकरियाँ निकाली जाएं और बेरोज़गार युवाओं से झूठे वादों के लिए सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगी जाए।

डॉ. सनी शुक्ला ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की अनदेखी जारी रही, तो भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेशभर में आंदोलन करेगा और युवाओं की आवाज़ को सड़कों से लेकर सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा।