C.M ने ऊना के कोटला कलां में धार्मिक महासम्मेलन में की शिरकत

rakesh nandan

06/02/2026

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ऊना के कोटला कलां स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति द्वारा आयोजित वार्षिक धार्मिक महासम्मेलन में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माथा टेका तथा राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीमद्भागवत गीता में कर्म करने और फल की चिंता न करने का जो संदेश दिया गया है, उसी कर्मयोग की भावना से प्रदेश सरकार जनकल्याण के कार्यों में निरंतर जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, आमजन और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए संवेदनशील, समावेशी और मानवीय दृष्टिकोण के साथ योजनाओं को लागू कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार निराश्रित बच्चों के लिए माता-पिता की भूमिका निभा रही है। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने 6,000 निराश्रित बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का कानूनी दर्जा प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि इन बच्चों की 27 वर्ष की आयु तक शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र देखभाल की जिम्मेदारी सरकार उठा रही है तथा प्रत्येक बच्चे को 4,000 रुपये मासिक पॉकेट मनी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी विद्यार्थी केवल आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की गई है, जिसके तहत 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनका श्री राधाकृष्ण मंदिर में दूसरा दौरा है और यहां से उन्हें सदैव आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के हक-हकूक की लड़ाई वे जनता के सहयोग और भगवान के आशीर्वाद से निरंतर लड़ते रहेंगे।

इस अवसर पर बाबा बाल जी महाराज ने मुख्यमंत्री को शुभाशीर्वाद देते हुए कहा कि भगवान की कृपा से मुख्यमंत्री पूरे हिमाचल का भला कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आपदा के समय मंदिर समिति द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 लाख रुपये का योगदान भी दिया गया था। इस अवसर पर विधायक राकेश कालिया, विवेक शर्मा, सुदर्शन सिंह बबलू, पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, महाधिवक्ता अनूप रत्न, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक अमित यादव सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।