सीएम सुक्खू ने प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए लिए ऐतिहासिक फैसले

rakesh nandan

25/01/2026

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रेरित, प्रोत्साहित और प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खेलों के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय लिए हैं। शनिवार को हमीरपुर के टाउन हॉल में हमीरपुर जिला स्कूली क्रीड़ा संगठन (DSSA) द्वारा आयोजित पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सत्ता संभालते ही स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी में दोगुनी वृद्धि कर एक बड़ा फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले स्कूली खिलाड़ियों के लिए रेलवे में एसी क्लास यात्रा तथा विशेष परिस्थितियों में हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है, जो इससे पहले किसी भी सरकार ने नहीं दी थी।

सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि नादौन में लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से वर्ल्ड क्लास इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जो प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री की ओर से एक ऐतिहासिक सौगात है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले जिला हमीरपुर के स्कूली खिलाड़ियों के लिए पहली बार पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित करने पर DSSA की सराहना की और कहा कि इससे नन्हे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंडर-19 वर्ग में जिला हमीरपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गवर्नर ट्रॉफी अपने नाम की है। इसके लिए सभी खिलाड़ी, शारीरिक शिक्षक और अभिभावक बधाई के पात्र हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों को अपनाने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक डॉ. मोही राम चौहान, एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंबोह की राष्ट्रीय खिलाड़ी अंशिका ने भी अपने विचार रखे और खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक नरेश ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, शिक्षा विभाग के अधिकारी, DSSA पदाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।