ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विधायकों की प्राथमिकताओं को निर्धारित करने हेतु पहले दिन के दूसरे सत्र में सोलन, चम्बा, बिलासपुर, लाहौल-स्पीति तथा किन्नौर जिलों के विधायकों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए आरआईडीएफ के तहत 758.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि जिन डीपीआर को नाबार्ड भेजा जा चुका है, यदि वे किसी अन्य मद से स्वीकृत हो गई हैं, तो उन्हें औपचारिक रूप से वापस लेने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए, ताकि रिकॉर्ड का समुचित समन्वय हो सके।
🟦 आपदा राहत और पुनर्वास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 और 2025 में भारी बारिश व बादल फटने की घटनाओं से प्रदेश को भारी जान-माल का नुकसान हुआ। इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से प्रभावित लोगों को राहत और पुनर्वास के लिए समुचित आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई।
🟦 स्वास्थ्य, शिक्षा और गुड गवर्नेंस प्राथमिकता
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पर्यटन, ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण और डेटा स्टोरेज को प्राथमिक क्षेत्र तय किया है। उन्होंने बताया कि रोबोटिक सर्जरी की सुविधा चमियाणा अस्पताल और टांडा मेडिकल कॉलेज में शुरू कर दी गई है तथा आने वाले समय में सभी मेडिकल कॉलेजों में यह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला में दो माह और टांडा मेडिकल कॉलेज में छह माह के भीतर पैट स्कैन मशीनें स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा, आगामी तीन महीनों में प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में थ्री टेस्ला एमआरआई मशीनें लगाई जाएंगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में अगले दो वर्षों में 3000 करोड़ रुपये हाई-एंड तकनीक पर खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में 140 सीबीएसई स्कूल और चार राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं। वहीं पेयजल योजनाओं में आधुनिक ओजोनेशन तकनीक को लागू किया जाएगा। गुड गवर्नेंस पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में 5.70 लाख म्यूटेशन मामलों का निपटारा किया जा चुका है।
🟦 जिलावार विधायकों की प्रमुख मांगें (संक्षेप में)
सोलन जिला:
अर्की विधायक संजय अवस्थी ने आपदा प्रभावित सड़कों के सुधार हेतु धन की मांग की।
नालागढ़ विधायक हरदीप सिंह बावा ने 20 ट्यूबवेल और राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल की मांग रखी।
दून विधायक राम कुमार ने आईएसबीटी बद्दी का कार्य शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया।
कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने सड़क नेटवर्क और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने की मांग की।
चंबा जिला:
चुराह विधायक हंसराज ने पर्यटन विकास और तीसा अस्पताल सुदृढ़ीकरण की मांग की।
भरमौर विधायक डॉ. जनक राज ने होली-उतराला सड़क का मुद्दा उठाया।
चंबा विधायक नीरज नैय्यर ने मिनी सचिवालय हेतु अतिरिक्त बजट की मांग की।
डलहौजी विधायक डी.एस. ठाकुर ने एफसीए क्लीयरेंस शीघ्र करवाने का आग्रह किया।
बिलासपुर जिला:
झंडूता विधायक जीतराम कटवाल ने सिंचाई व पेयजल योजनाओं पर जोर दिया।
बिलासपुर विधायक त्रिलोक जम्वाल ने सीवरेज कार्यों के बाद सड़कों के सुधार की मांग की।
श्री नैना देवी जी विधायक रणधीर शर्मा ने सिविल अस्पताल व आईसीयू भवन के लिए धन की मांग की।
लाहौल-स्पीति:
विधायक अनुराधा राणा ने हेली-टैक्सी सेवा और कुंजुम सुरंग निर्माण का आग्रह किया।
🟦 बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में मुकेश अग्निहोत्री, डॉ. धनी राम शांडिल, जगत सिंह नेगी, राजेश धर्माणी सहित प्रशासनिक सचिव, विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।