माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ श्री ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने पारंपरिक तरीके से सभी विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया।
विधायक संजय रत्न ने अपने संबोधन में कहा कि माता रानी के नाम पर आयोजित यह भव्य महोत्सव ऊना की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन पर स्थानीय विधायक बबलू के प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू तथा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के मार्गदर्शन से यह आयोजन लगातार और भव्य स्वरूप ले रहा है।
पर्यटन अधोसंरचना को मिलेगी नई दिशा
संजय रत्न ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए ठोस कार्य कर रही है। हिमाचल देवभूमि है, शक्तिपीठों की पावन धरती है—ऐसे में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ाकर आर्थिक गतिविधियों और स्थानीय रोजगार को गति देना सरकार की प्राथमिकता है।
महोत्सव बना ऊना की सांस्कृतिक पहचान
स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि महोत्सव का दूसरा संस्करण अत्यंत सफल रहा और लोगों के असीम सहयोग व उत्साह के कारण यह अब ऊना की स्थायी सांस्कृतिक परंपरा बन गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से महोत्सव हर वर्ष और अधिक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
हिमाचली कलाकारों ने सजाई संध्या
दूसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली कलाकारों ने मंच पर अपनी कला का जलवा बिखेरा।
स्टार कलाकार कुमार साहिल और एसी भारद्वाज ने अपने सुरीले गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों ने लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक प्रस्तुतियों से संध्या को विशिष्ट बना दिया।
कार्यक्रम में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र, एसडीएम अंब सचिन शर्मा, उपायुक्त जतिन लाल की धर्मपत्नी डॉ. रेणु सहरावत, ज्वालामुखी मंदिर के पुजारी ज्ञानेश्वर, अश्विनी, तथा अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।