भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने केंद्रीय आम बजट 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भरता, समावेशी विकास और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर ले जाने वाला ऐतिहासिक बजट बताया है। डॉ. बिंदल ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट केवल आर्थिक आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि भारत के भविष्य का रोडमैप है, जो निवेश, उद्योग, रोजगार सृजन, सामाजिक सुरक्षा और आम नागरिकों की आकांक्षाओं को केंद्र में रखता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने लोक-लुभावनवाद की बजाय आम नागरिकों को प्राथमिकता दी है और बयानबाज़ी की जगह सुधारों को चुना है। आत्मनिर्भरता अब देश की आर्थिक नीति का मूल मंत्र बन चुकी है और सरकार के निर्णयों का सीधा लाभ जनता तक पहुंच रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि यह बजट ऐतिहासिक इसलिए भी है क्योंकि यह पहला बजट है जो कर्तव्य भवन में तैयार किया गया है। बजट के तीन प्रमुख कर्तव्य—आर्थिक विकास को गति देना, आम नागरिकों की उम्मीदों को पूरा करना और सबका साथ, सबका विकास—स्पष्ट रूप से परिलक्षित होते हैं। हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 राज्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। केंद्र करों में हिमाचल को 1.217 प्रतिशत हिस्सेदारी के अंतर्गत कुल ₹13,949.97 करोड़ की राशि प्राप्त होगी, जिससे प्रदेश में विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और अधोसंरचना को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि पर्वतीय राज्यों के लिए विशेष प्रावधान करते हुए हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में पर्यावरण-संवेदनशील पर्वतीय मार्ग विकसित करने की घोषणा की गई है। इससे पर्यटन, कनेक्टिविटी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मेडिकल टूरिज्म हब योजना से हिमाचल को स्वास्थ्य और वेलनेस पर्यटन में नई पहचान मिलेगी। आयुष सेक्टर को मजबूती देने से औषधीय पौधों, आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में राज्य को विशेष लाभ होगा। उन्होंने कहा कि ₹10,000 करोड़ की बायो फार्मा शक्ति परियोजना हिमाचल के फार्मा उद्योग के लिए वरदान सिद्ध होगी। बद्दी-सोलन क्षेत्र को इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर ₹12.2 लाख करोड़ करना सरकार की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। इससे शिमला, मंडी, सोलन और कांगड़ा जैसे शहरों को भी सीधा लाभ मिलेगा। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 आत्मनिर्भर भारत, विकसित हिमाचल और समृद्ध राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक निर्णायक कदम है।