मंडी में जनगणना-2027 प्रशिक्षण का दूसरा बैच शुरू

rakesh nandan

12/03/2026

जनगणना-2027 के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ

जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की तैयारियों के तहत मंडी के डीआरडीए सभागार में तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे बैच का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन मंडलायुक्त आर.के. प्रुथी ने किया। कार्यक्रम में उपायुक्त एवं जिला जनगणना अधिकारी अपूर्व देवगन, एडीएम डॉ. मदन कुमार तथा जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा भी उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश और तकनीकी जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।


प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने की अपील

मंडलायुक्त आर.के. प्रुथी ने प्रशिक्षण प्राप्त करने जा रहे अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और इसकी बारीकियों को अच्छी तरह समझने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हाउस लिस्टिंग का डेटा अत्यंत महत्वपूर्ण होता है और  इसकी गुणवत्ता जितनी बेहतर होगी, भविष्य में योजनाओं के निर्माण की प्रक्रिया उतनी ही प्रभावी बन सकेगी।उन्होंने अधिकारियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।


दो चरणों में होगी जनगणना-2027

मंडलायुक्त ने बताया कि जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मकान सूचीकरण के माध्यम से मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की जाती है। यह जानकारी आगे चलकर जनसंख्या गणना के लिए आधार तैयार करती है और आवास से संबंधित नीतियों के निर्माण में भी सहायक सिद्ध होती है।


2027 में होगा जनसंख्या गणना का कार्य

मंडलायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना का फील्ड कार्य देश के अधिकांश क्षेत्रों में फरवरी और मार्च 2027 के दौरान किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी और उसके व्यक्तिगत विवरण एकत्र किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में बर्फबारी अधिक होती है, वहां यह कार्य पहले ही यानी इसी वर्ष सितंबर और अक्तूबर माह में किया जाएगा, ताकि मौसम की कठिनाइयों के कारण जनगणना कार्य प्रभावित न हो।


योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका

मंडलायुक्त आर.के. प्रुथी ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश और समाज के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न नीतियां और कल्याणकारी योजनाएं तैयार करती है। उन्होंने कहा कि सटीक और विश्वसनीय आंकड़े ही विकास योजनाओं को सही दिशा देने में मदद करते हैं।


प्रशिक्षण के दौरान सभी पहलुओं को समझना जरूरी

इस अवसर पर उपायुक्त एवं जिला जनगणना अधिकारी अपूर्व देवगन ने कहा कि अधिकांश अधिकारी पहली बार जनगणना कार्य में भाग ले रहे हैं, इसलिए प्रशिक्षण के दौरान सभी पहलुओं को ध्यानपूर्वक समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनगणना से संबंधित सभी रिकॉर्ड और आंकड़े पूरी तरह गोपनीय होते हैं, इसलिए इस कार्य में गोपनीयता बनाए रखना भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।


लोगों से सहयोग की अपील

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जिला के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे जनगणना कार्य में प्रशासन का सहयोग करें और प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है।


विभिन्न अधिकारी ले रहे प्रशिक्षण

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के चार्ज अधिकारी भाग ले रहे हैं, जिनमें उपमंडल अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा चार्ज लेवल क्लर्क शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया, डेटा संग्रहण, फील्ड कार्य की विधि और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।


प्रशासन कर रहा व्यापक तैयारियां

जिला प्रशासन मंडी द्वारा जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी और कौशल प्रदान किया जा रहा है, ताकि जनगणना कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर सटीक और प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सके।