कैमली छात्र कल्याण संघ की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आज आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से सत्र 2026–27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक का उद्देश्य संगठन को अधिक सशक्त, अनुशासित एवं छात्र हितों के प्रति प्रभावी बनाना रहा।
बैठक के दौरान संघ की नवगठित इकाई की घोषणा की गई, जिसमें कपिल वर्मा को अध्यक्ष तथा कर्ण शर्मा को मंत्री नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त सक्षीत ठाकुर एवं इंदु वर्मा को उपाध्यक्ष, कर्ण शर्मा एवं युवराज को सह सचिव, अंकुश एवं दीपक को कोषाध्यक्ष तथा अन्य सदस्यों को विभिन्न समितियों में जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सलाहकार मंडल में रमन ठाकुर, अक्षय ठाकुर, गौरव ठाकुर एवं वीरेंद्र ठाकुर को शामिल किया गया, जबकि प्रबंधन, अनुशासन, सांस्कृतिक, समन्वय एवं सोशल मीडिया समितियों का भी गठन किया गया, ताकि संगठनात्मक कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के संविधान, मर्यादा एवं अनुशासन का पालन करने तथा छात्र हितों को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया। निर्णय लिया गया कि आगामी सत्र में शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सामाजिक मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।
संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि सत्र 2026–27 के दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान, जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम तथा सांस्कृतिक व रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जाएगा। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक नेतृत्व एवं पारदर्शी कार्यशैली से संघ भविष्य में छात्र हितों की सशक्त आवाज बनेगा।