आपदा के बीच सरकार का जश्न संवेदनहीन: जयराम

rakesh nandan

19/12/2025

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) हिमाचल प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति एवं जिला अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आज जिला भाजपा कार्यालय सुंदरनगर में पूरे जोश और उत्साह के साथ संपन्न हुई। तीन अलग-अलग सत्रों में आयोजित इस मैराथन बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी रणनीतियों और प्रदेश की कांग्रेस सरकार की तीन वर्षों की विफलताओं पर गहन मंथन किया गया। बैठक का समापन प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष श्री जयराम ठाकुर के ओजस्वी संबोधन के साथ हुआ।

मंडी में आपदा के बीच जश्न संवेदनहीन

समापन सत्र को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आपदा से कराह रहे मंडी जिले में सरकार द्वारा जश्न मनाना जनता के जले पर नमक छिड़कने जैसा है।
उन्होंने कहा, “जिस मंडी ने इतिहास की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा झेली है, जहां लोगों के जख्म अभी भरे नहीं हैं, वहां सरकार का जश्न संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। यह सरकार आखिर किस बात का जश्न मना रही है?” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल में एक भी ऐसी लोकप्रिय योजना नहीं ला पाई, जिसे जनता याद रख सके। प्रदेश में विकास ठप है और संस्थानों को बंद किया जा रहा है, जिससे हर वर्ग परेशान है।

‘1 बूथ 10 यूथ’ अभियान ने पकड़ी रफ्तार

बैठक के दौरान भाजयुमो के महत्वाकांक्षी अभियान ‘1 बूथ 10 यूथ’ की विस्तृत समीक्षा की गई। अभियान के प्रदेश संयोजक अरविंद कुमार और सह-संयोजक रचित चौहान ने बताया कि 1 से 30 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेश के 8007 बूथों में से 5270 बूथों पर युवाओं की टोली का गठन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़

बैठक के प्रथम सत्र में भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने कहा कि युवा मोर्चा भाजपा की रीढ़ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया और जमीनी स्तर दोनों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया और कहा कि युवा मोर्चा सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

संगठन पद्धति और अनुशासन पर बल

दूसरे सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने ‘भाजपा की संगठन पद्धति और कार्य योजना’ पर मार्गदर्शन देते हुए युवाओं को अनुशासन और विचारधारा के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।

वरिष्ठ नेतृत्व की रही उपस्थिति

बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विनोद कुमार, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, अजय ठाकुर, जिला महामंत्री ओम प्रकाश और जितेन्द्र सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री सुशील कडशोली और शाश्वत कपूर ने सत्रों के संचालन में अहम भूमिका निभाई। प्रदेश भर से आए सभी जिला अध्यक्षों की उपस्थिति ने बैठक को और प्रभावशाली बनाया।