युवा मोर्चा सम्मेलन में कांग्रेस सरकार पर राजीव बिंदल का हमला

rakesh nandan

05/01/2026

भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस की प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि विगत तीन वर्षों के कांग्रेस शासन में प्रदेश के नौजवानों, युवक-युवतियों को लगातार अपमानित और लज्जित किया गया है। चुनाव से पहले जिन बेरोजगार युवाओं को गारंटी, भरोसा और वायदे किए गए थे, आज वही युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में दावा किया था कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार दिए जाएंगे। प्रदेश के युवक-युवतियों ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के वचनों पर भरोसा किया, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद एक भी युवा को पक्की सरकारी नौकरी नहीं मिली। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनावी मंचों से पहली कैबिनेट में “खुल जा सिम-सिम” की तरह नौकरियों का खजाना खुलने के दावे किए गए थे, लेकिन आज न तो पहली कैबिनेट का कोई हिसाब है और न ही युवाओं को रोजगार मिला। तीन साल बाद भी युवा बेरोजगार हैं और उन्हें हंसी का पात्र बना दिया गया है।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने बेरोजगार युवक-युवतियों की भावनाओं से खुला खिलवाड़ किया। सरकारी नौकरी, पेंशन और ठेका प्रथा समाप्त करने के वादे किए गए, लेकिन हकीकत यह है कि नौकरी देने वाला संस्थान ही बंद कर दिया गया। सरकार ने लगभग 1 लाख 50 हजार रिक्त पद समाप्त कर दिए और करीब 10 हजार लोगों को नौकरी से बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं पर एक के बाद एक वज्रपात करते हुए वन मित्र, रोगी मित्र और पशु मित्र जैसी योजनाएं थोप दी गईं और अप्रेंटिस योजना लागू कर दी गई, जिससे बेरोजगार युवाओं का भविष्य और अधिक असुरक्षित हो गया। सरकारी नौकरियां भाई-भतीजावाद की भेंट चढ़ गईं और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी लगभग समाप्त हो चुके हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि आज युवक-युवतियां 8 से 10 हजार रुपये की औद्योगिक नौकरी के लिए भी दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पिछले तीन वर्षों से युवा सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन न मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, न मंत्री और न ही कांग्रेस विधायकों को युवाओं की चिंता है। उन्होंने कहा कि वर्षों से बच्चे लाइब्रेरियों में बैठकर परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती परीक्षाएं ही नहीं निकाली जा रही हैं। कांग्रेस सरकार ने युवाओं की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है। प्रदेश का युवा आज आक्रोशित है और आने वाले समय में कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुका है। इस अवसर पर आयोजित सम्मेलन में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला, सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप तथा विधायक एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी भी उपस्थित रहे।