संगठन की नई ताकत से विधानसभा चुनाव की तैयारियाँ जोरों पर: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल

rakesh nandan

04/08/2025

शिमला || 4 अगस्त 2025 || भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज शिमला में मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी संगठन के आगामी चुनावी रणनीति और हाल ही में घोषित किए गए जिला कार्यकारिणी के गठन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा की 17 जिला कार्यकारिणी की घोषणा हो चुकी है और जल्द ही प्रदेश टीम की भी घोषणा की जाएगी। बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और पार्टी का इतिहास जनसंघ से लेकर भाजपा तक का सफर अत्यंत उज्जवल रहा है। पार्टी ने हमेशा सामान्य समाज से कार्यकर्ता तैयार किए हैं और भाजपा ने समय के साथ खुद को नए तरीके से निर्मित किया है।

कांग्रेस पर तंज करते हुए बिंदल ने किया हमला
इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जहां एक समय कांग्रेस पार्टी संसद में 500 सांसदों के साथ हुआ करती थी, वहीं आज वह बहुत ही कम संख्या में सिमट कर रह गई है। बिंदल ने कहा कि भाजपा, जो कभी केवल दो सांसदों के साथ शुरू हुई थी, आज देश और दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि यदि कांग्रेस को भारतीय तिरंगे से कोई आपत्ति है, तो वह इसका खुलासा करे, जबकि भाजपा के लिए तिरंगा देश की आन, बान और शान है।

हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा
डॉ. बिंदल ने घोषणा की कि भाजपा पूरे प्रदेश में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’ चलाएगी और वीर योद्धाओं का सम्मान करते हुए उनकी याद में कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा 171 मंडलों में 15 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्राओं का आयोजन भी करेगी, जिससे देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जाएगा।

कांग्रेस की कमजोर स्थिति पर कसा तंज
बिंदल ने कांग्रेस की कमजोर स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि पिछले एक साल से हिमाचल कांग्रेस का संगठन भंग पड़ा हुआ है। न तो बूथ पर कोई कार्यकर्ता हैं और न ही प्रदेश में कांग्रेस का कोई मजबूत नेतृत्व नजर आ रहा है। वहीं भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ काम कर रहा है और आगामी चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए तैयार है।

भाजपा का संगठन और आगामी चुनावी तैयारियाँ
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा संगठन के विस्तार की जानकारी दी और बताया कि अब तक भाजपा ने 17 जिलों में कार्यसमितियों का गठन कर लिया है। इन जिलों में कुल 874 कार्यसमिति सदस्य हैं, जिनमें 358 महिलाएं और 258 अनुसूचित जाति, जनजाति एवं ओबीसी वर्ग से हैं। मंडलों का संख्या भी बढ़कर 171 हो गई है, जबकि पहले यह संख्या 74 थी। मंडल कार्यसमिति सदस्य की संख्या बढ़कर 7587 हो गई है, जिनमें 2569 महिलाएं और 3532 सदस्य अनुसूचित जाति, जनजाति एवं ओबीसी से हैं।

बिंदल ने बताया कि भाजपा ने 8007 बूथों में से 7870 बूथों पर 11 सदस्यीय समिति का गठन कर लिया है और भाजपा के बूथ स्तर पर कुल 89,646 कार्यकर्ता सक्रिय हैं।

आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की तैयारी
डॉ. बिंदल ने यह भी कहा कि भाजपा का संगठन अब अभेद्य हो चुका है और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा का तरुण संगठन नई ऊर्जा के साथ विजय की ओर बढ़ रहा है और इस बार भाजपा की जीत सुनिश्चित है।

Leave a Comment