भाजपा कार्यालय संगठन का प्रतीक

rakesh nandan

14/12/2025

अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सशक्त, दूरदर्शी और प्रभावी नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को एक भव्य और ऐतिहासिक भाजपा प्रदेश कार्यालय प्राप्त हुआ है, जो आने वाले दशकों तक संगठनात्मक गतिविधियों का मजबूत केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि हिमाचल में भाजपा की विचारधारा, संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतीक है। सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार ने हमेशा हिमाचल प्रदेश का विशेष ध्यान रखा है। बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और विकास से जुड़े हर क्षेत्र में केंद्र सरकार ने प्रदेश को भरपूर सहयोग दिया है।

कश्यप ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा केंद्र से मिली सहायता पर राजनीति की, जबकि सच्चाई यह है कि हिमाचल के विकास को गति भाजपा सरकारों ने ही दी। उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के शिमला आगमन पर उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन भी किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में भाजपा को ऐतिहासिक जनसमर्थन मिल रहा है, जो पार्टी की नीतियों और सुशासन पर जनता के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विशेष राज्य का दर्जा हो या चार मेडिकल कॉलेजों की सौगात—केंद्र सरकार ने हिमाचल के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का कार्यकाल कर्ज, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का पर्याय बन गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता कांग्रेस के कुशासन को समझ चुकी है और आने वाले समय में प्रदेश में फिर से भाजपा की सुशासन वाली सरकार स्थापित करने का संकल्प ले चुकी है।