भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने की। बैठक में भाजपा नेता एवं प्रकोष्ठ समन्वयक पुरुषोत्तम गुलेरिया, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा तथा कोषाध्यक्ष कमल सूद विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य देशभर में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन ऑफ द वोटर लिस्ट (SIR) अभियान को लेकर आगामी कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा करना रहा।
बैठक की जानकारी देते हुए प्रकोष्ठ समन्वयक पुरुषोत्तम गुलेरिया ने बताया कि एसआईआर अभियान के अंतर्गत शिमला में 17 तारीख को गेयटी थिएटर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में यह स्पष्ट किया जाएगा कि विशेष गहन पुनरीक्षण क्यों आवश्यक है, इसका लोकतंत्र में क्या महत्व है, इससे पूर्व कब-कब इस प्रकार का पुनरीक्षण हुआ है और इसके पीछे का उद्देश्य क्या है। उन्होंने बताया कि आज की बैठक इसी कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित की गई, जिसमें लगभग 113–114 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इनमें शिमला जिला के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ शिमला संसदीय क्षेत्र के जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री भी शामिल रहे।
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि 17 तारीख का कार्यक्रम सुव्यवस्थित हो और इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समाज के बुद्धिजीवी वर्ग, ओपिनियन मेकर, जागरूक मतदाता और प्रभावशाली व्यक्तित्व भी भाग लें। उन्होंने कहा कि जब ऐसे वर्गों के समक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे विषय पर तथ्यात्मक जानकारी रखी जाएगी, तो इससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने 17 तारीख के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्ण सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।