पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा 17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा मनाएगी: संजीव कटवाल

rakesh nandan

29/08/2025

भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, सचिव सुमित शर्मा, डॉ. संजय ठाकुर और तिलकराज ने दिल्ली कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष से मुलाकात की। इस दौरान संगठन और संगठनात्मक कार्य को लेकर चर्चा भी हुई।

संजीव कटवाल ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले महीने 17 सितंबर को 75वें जन्मदिन पर भारतीय जनता पार्टी हर साल की तरह इस बार भी सेवा पखवाड़ा के रूप में इसे मनाएगी। भाजपा ने इसके लिए खासी तैयारी की है और देशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा कार्य चलाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पार्टी देशभर के 70 से अधिक शहरों में मोदी विकास मैराथन का आयोजन करेगी। इसके अलावा ग्रामीण अंचल में सांसद खेल-कूद प्रतियोगिताएं भी होंगी।

भाजपा हर साल पीएम मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा मनाती रही है। इस बार हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश में सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता अभियान, 1000 जगहों पर ब्लड डोनेशन कैंप, एक पेड़ मां के नाम अभियान, वोकल फॉर लोकल, प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन और स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन होगा। ये कार्यक्रम जिला, मंडल और बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का संगठन मजबूत और सुदृढ़ है। पहले प्रदेश में भाजपा के 8 लाख प्राथमिक सदस्य थे, जो अब बढ़कर 18 लाख हो चुके हैं। पार्टी मेरा बूथ सबसे मजबूत के लक्ष्य के साथ काम कर रही है और बूथ स्तर पर अधिकतम समय देने पर फोकस कर रही है।