हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में ऐतिहासिक धरना–प्रदर्शन का आयोजन किया। “व्यवस्था पतन के तीन साल, बदलो–बदलो भ्रष्ट कांग्रेस सरकार” के प्रखर नारे के साथ आयोजित इस जनआंदोलन में हजारों की संख्या में जनता और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। पूरा स्टेडियम “परिवर्तन” के उद्गारों से गूंज उठा। इस विशाल रैली का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार सहित भाजपा के सभी विधायक, पदाधिकारी और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
“राधे–राधे से गूंजा जनआक्रोश, कांग्रेस सरकार बेनकाब”— श्रीकांत शर्मा
भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने संबोधन की शुरुआत “राधे–राधे” के उद्घोष से की और मुख्यमंत्री पर सनातन विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस सरकार की गारंटियों पर करारा प्रहार करते हुए कहा—“1500 रुपये महिलाओं को मिले? दूध का दाम बढ़ा? युवाओं को नौकरी मिली?” पूरा मैदान एक सुर में बोला — “कुछ नहीं मिला।” उन्होंने कांग्रेस को “बेईमान, झूठी और धोखेबाज सरकार” बताते हुए कहा कि हिमाचल की जनता धोखे का जवाब देगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा के समय हिमाचल को 5500 करोड़ और अतिरिक्त 1500 करोड़ रुपये की मदद दी, जबकि कांग्रेस ने सिर्फ राजनीति की। उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले का जिक्र करते हुए राहुल और सोनिया गांधी पर भी हमला बोला और कहा— “2027 में भाजपा बूथ–बूथ पर कांग्रेस की जमानत जब्त करेगी।”
“चुनाव जब भी हों, कांग्रेस सरकार का अंत तय”— डॉ. राजीव बिंदल
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बिंदल ने कहा— “यह रैली नहीं, कांग्रेस सरकार के कुशासन के खिलाफ जनता का विस्फोट है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सत्ता पाई, लेकिन पूरे हिमाचल की व्यवस्था का पतन कर दिया।उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए नाके लगाए गए, जिसे उन्होंने लोकतंत्र की हत्या बताया। उन्होंने कहा— “कांग्रेस ने युवाओं का रोजगार छीना, महिलाओं से सम्मान छीना और प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया है। अब भाजपा तूफान बनकर लौटेगी।”
अनुराग ठाकुर: “3 साल खाओ–पीयो–मौज की सरकार”
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर करारा तंज कसते हुए कहा— “यह सरकार विकास की नहीं, बल्कि मौज–मस्ती और भ्रष्टाचार की सरकार है।” उन्होंने कहा कि पेंशनभोगियों, कर्मचारियों और किसानों का जीवन कठिन हुआ है, जबकि सरकार केवल सत्ता का आनंद ले रही है। उन्होंने कांग्रेस को “कौरवों की फौज” बताते हुए कहा कि प्रदेश को विनाश की ओर धकेला जा रहा है। वे बोले— “राहुल गांधी का खटाखट मॉडल और प्रियंका गांधी की गारंटियां — दोनों पूरी तरह फेल हो चुकी हैं।”
“यह रैली नहीं, जनता का महासैलाब है”— संजय टंडन
सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा— “यह भीड़ नहीं, कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का ज्वालामुखी है।” उन्होंने कहा कि 3 वर्षों में एक भी कांग्रेस गारंटी पूरी नहीं हुई। बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और अराजकता बढ़ी है और जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने एलान किया— “कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। अब सत्ता परिवर्तन तय है।”
भाजपा का स्पष्ट संदेश
इस जनप्रदर्शन में उमड़े जनसैलाब ने यह स्पष्ट किया कि—हिमाचल की जनता कांग्रेस सरकार से संतुष्ट नहीं, भाजपा में विश्वास बढ़ रहा है, आने वाले समय में राजनीतिक परिदृश्य बदलने वाला है,जोरावर स्टेडियम में उमड़ी भीड़ ने हिमाचल की राजनीति में नया अध्याय लिख दिया है।