नगर निगम चुनावों में मिली शानदार जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में जोरदार उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू वितरण कर खुशी साझा की और पूरे जोश व उत्साह के साथ नारे लगाए— “अभी तो महाराष्ट्र झांकी है, बंगाल और हिमाचल की अब बारी है।” पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और विजय का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार एवं संजिव कटवाल ने नगर निगम चुनावों में मिली इस बड़ी जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व, भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है।
नेताओं ने कहा कि महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों में भाजपा को मिला जनादेश इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि देश की जनता भाजपा के विकास मॉडल और सुशासन पर भरोसा जता रही है। यह जीत आने वाले समय में बंगाल और हिमाचल जैसे राज्यों में भी भाजपा की मजबूत उपस्थिति का संकेत देती है। इस मौके पर भाजपा सचिव तिलक राज, प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, पुरुषोत्तम गुलेरिया, कार्यालय सचिव प्रेम ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर संकल्प लिया कि भाजपा की नीतियों, सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाकर आगामी चुनावों में भी पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाई जाएगी।
