महिला संवाद में बजट 2026-27 पर चर्चा, महिलाओं के लिए अहम प्रावधान

rakesh nandan

07/02/2026

भाजपा महिला मोर्चा द्वारा दीपकमल पार्टी कार्यालय में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा अध्यक्षा डेजी ठाकुर ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में पार्टी नेता एवं विधायक रणधीर शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संसदीय क्षेत्र भर से 30 से अधिक महिला मंडलों की सक्रिय सहभागिता रही। संवाद के दौरान प्रतिभागियों द्वारा केंद्रीय बजट 2026-27 से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे गए, जिनका मुख्य वक्ता द्वारा तथ्यात्मक एवं विस्तृत उत्तर दिया गया।

महिला मोर्चा अध्यक्षा डेजी ठाकुर ने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम विशेष रूप से केंद्रीय बजट 2026-27 में महिलाओं के लिए किए गए प्रावधानों और योजनाओं को लेकर आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए बजट के विभिन्न पहलुओं पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं।

संवाद को संबोधित करते हुए रणधीर शर्मा ने कहा कि 1 फरवरी 2026 को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट लगातार नौवां बजट है, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि यह सुधारवादी बजट है, जिससे देश की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी और भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में और सशक्त स्थान हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि बजट में रक्षा एवं मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को विशेष बढ़ावा दिया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान सड़क, रेल, जलमार्ग, हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों के विकास को गति देगा, जिसका सीधा लाभ महिलाओं को भी मिलेगा।

रणधीर शर्मा ने बताया कि बजट में महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। प्रत्येक जिला मुख्यालय पर महिला छात्रावास स्थापित करने की योजना, लखपति दीदी योजना के विस्तार के तहत शी-मार्ट की स्थापना तथा स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने जैसे कदम इसमें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, मातृशक्ति योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं को भी निरंतर जारी रखने का प्रावधान बजट में किया गया है। कृषि क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं को किसान क्रेडिट कार्ड के अंतर्गत बढ़ी हुई ऋण सीमा का लाभ मिलेगा, जबकि ग्रामीण एवं मजदूर वर्ग की महिलाओं को रोजगार एवं आजीविका योजनाओं से सहायता प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग, फार्मा हब, केमिकल पार्क और टेक्सटाइल हब जैसे नए औद्योगिक निवेश से युवा महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। कुल मिलाकर यह बजट महिला सशक्तिकरण, जनहित और राष्ट्रहित को समर्पित बजट है।