भाजपा प्रदेश कार्यालय शिलान्यास से पहले नेताओं ने किया निरीक्षण

rakesh nandan

12/12/2025

भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल तथा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने आज शिमला में भाजपा प्रदेश मुख्यालय के नवनिर्मित होने वाले शिलान्यास स्थल का निरीक्षण किया। पार्टी नेतृत्व ने परिसर में निर्माण से पूर्व की तैयारियों, पहुंच मार्ग, व्यवस्थाओं और कार्यक्रम स्थल के समन्वय का विस्तृत जायजा लिया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि कल प्रातः 10 बजे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, उर्वरक एवं रसायन मंत्री जगत प्रकाश नड्डा प्रदेश कार्यालय का भूमि पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हिमाचल आगमन अत्यंत उत्साहजनक है और पीटरहॉफ मैदान में हजारों कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे।

डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि तीन वर्ष के कार्यकाल में कांग्रेस का पूरा समय भाजपा को कोसने में बीता, जबकि जनता के मुद्दे उपेक्षित रहे। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर आयोजित कांग्रेस सरकार के तथाकथित ‘तीन वर्ष के संकल्प समारोह’ में विकास का एक भी ठोस बिंदु सामने नहीं आया। पूरा कार्यक्रम आपसी मतभेद, आरोप-प्रत्यारोप और भाजपा विरोध तक सीमित रहा। उन्होंने कहा कि 2022 में कांग्रेस ने बड़ी-बड़ी गारंटियाँ और संकल्प घोषित किए थे—एक लाख सरकारी नौकरियाँ, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 1500 रुपये प्रतिमाह महिलाओं के लिए, युवाओं के लिए 700 करोड़ का रोजगार फंड, किसानों के लिए दूध का समर्थन मूल्य—लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। आज जनता पूछ रही है कि नौकरियाँ कहाँ गईं, युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिला, किसान और महिलाएँ हताश क्यों हैं। इसलिए कांग्रेस का नया संकल्प कार्यक्रम भी जनता की आँख में धूल झोंकने जैसा है।

प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने भी कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया और कहा कि कांग्रेस का तीन वर्ष का कार्यक्रम ‘संकल्प’ नहीं बल्कि ‘तू-तू मैं-मै’ का राजनीतिक आयोजन था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश ही नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश में भी तेजी से कमजोर हो रही है क्योंकि पार्टी के नेता जनता और प्रदेश की समस्याओं के बजाय सिर्फ गांधी परिवार का गुणगान करने में लगे रहते हैं। ऐसी मानसिकता वाली पार्टी से प्रदेश का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता। भाजपा नेतृत्व ने कहा कि नवनिर्मित प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन समारोह प्रदेश में संगठनात्मक क्षमता और राजनीतिक मजबूती का नया अध्याय शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश से हजारों कार्यकर्ता अपने उत्साह और आत्मीयता से शिमला पहुंच रहे हैं और कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।

भाजपा ने कहा कि यह शिलान्यास समारोह संगठन के विस्तार, आधुनिक राजनीतिक ढाँचे के निर्माण और जनता के प्रति जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह कार्यक्रम न केवल कार्यकर्ताओं को प्रेरित करेगा, बल्कि प्रदेश में विकास, पारदर्शिता और सुशासन के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेगा।