धर्मशाला में भाजपा का बड़ा विरोध प्रदर्शन

rakesh nandan

03/12/2025

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने अग्रवाल धर्मशाला, ज्वालामुखी में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर उसके कुशासन, विफल नीतियों और जनविरोधी फैसलों के खिलाफ भाजपा 4 दिसंबर 2025 को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में एक विशाल प्रदर्शन आयोजित करने जा रही है। उन्होंने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में होगा।

कटवाल ने कहा कि प्रदेश भर से सैकड़ों गाड़ियों में हजारों कार्यकर्ता धर्मशाला पहुंचेंगे और विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस सरकार का घेराव करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार अब तक की सबसे निकम्मी, दिशाहीन और भ्रष्ट सरकार साबित हुई है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें कहा गया था कि “यदि सत्ता सुखविंदर सिंह सुक्खू के हाथ में जाएगी तो प्रदेश में अंधकार छा जाएगा।” कटवाल के अनुसार आज वही अंधकार पूरे राज्य में दिखाई दे रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देहरा उपचुनाव के दौरान आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन किया गया और मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी को जीत दिलाने के लिए महिला मंडलों को ₹50-50 हजार रुपये वितरित किए गए, जो लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है। संजीव कटवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की लिकर पॉलिसी बुरी तरह विफल रही है, जिसके कारण राज्य को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य ठप पड़े हैं और हर क्षेत्र में जनता निराश है। कटवाल ने दावा किया कि प्रदेश पर 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण चढ़ चुका है, जिससे हर हिमाचली कर्जदार बन गया है। इसके साथ ही हजारों सेब के पेड़ काटे गए लेकिन सरकार बागवानों के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह असफल रही है।

कटवाल ने कहा कि भाजपा कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जनता के सामने लाकर उसकी पोल खोलेगी और धर्मशाला में होने वाला यह विशाल प्रदर्शन जनआक्रोश का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस की विफल नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज़ को मजबूती देगा और आने वाले दिनों में भाजपा इस जनांदोलन को और व्यापक बनाएगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, सह मीडिया संयोजक प्यार सिंह कंवर, अभिषेक पा, हुकुम सिंह बैंस, अनुज शर्मा, विजय मेहता, विट्ठल प्रधान सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।