धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में भाजपा ने कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। “व्यवस्था पतन के तीन साल, बदलो–बदलो भ्रष्ट कांग्रेस सरकार” के नारे के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किया, जबकि श्रीकांत शर्मा, संजय टंडन, जयराम ठाकुर और अनुराग ठाकुर सहित शीर्ष नेता मौजूद रहे।
भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस के सभी चुनावी वादों को झूठा करार दिया और कहा कि जनता को न 1500 रुपये मिले, न रोजगार, न किसान हितों की सुरक्षा। बिंदल ने कहा कि तीन वर्षों में भ्रष्टाचार बढ़ा, विकास रुक गया और जनता परेशान रही।
अनुराग ठाकुर ने सरकार को “मौज सरकार” बताते हुए कहा कि पेंशनभोगी, कर्मचारी, किसान हर वर्ग त्रस्त है। जनसैलाब ने संकेत दिया कि प्रदेश में बदलाव की मांग तेज हो चुकी है और आगामी चुनावों में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।