नितिन नबीन से डॉ. बिंदल व अनुराग ठाकुर की भेंट

rakesh nandan

16/12/2025

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मीडिया प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज नई दिल्ली स्थित भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने उन्हें नवीन पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी। प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने कहा कि नितिन नबीन का राजनीतिक एवं संगठनात्मक जीवन अनुशासन, परिश्रम और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। 23 मई 1980 को रांची में जन्मे नितिन नबीन ने कम आयु में सार्वजनिक जीवन में प्रवेश कर संगठन के विभिन्न दायित्वों का सफल निर्वहन किया है। वे लगातार पाँचवीं बार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित होकर जनविश्वास का प्रतीक बने हैं।

उन्होंने कहा कि विधायक से लेकर बिहार सरकार में महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री तथा अब भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तक का उनका सफर उनके कुशल नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता को दर्शाता है। पथ निर्माण, नगर विकास एवं आवास तथा विधि विभाग में उनका कार्यकाल सुशासन और विकास के लिए जाना जाता है। कर्ण नंदा ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा में राष्ट्रीय महामंत्री, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तथा सिक्किम और छत्तीसगढ़ में संगठन एवं चुनाव प्रभारी के रूप में नितिन नबीन ने पार्टी को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। विशेष रूप से सिक्किम में पहली बार भाजपा की सरकार उनके रणनीतिक नेतृत्व का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा उनके अनुभव और ऊर्जा से पार्टी देशभर में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।