बिलासपुर में बालिकाओं के लिए जल क्रीड़ा चयन ट्रायल
बिलासपुर, 23 फरवरी: Sports Authority of India (साई) के क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़-जीरकपुर द्वारा साई-एनटीपीसी वॉटर स्पोर्ट्स एक्सटेंशन सेंटर, बरमाना कोलडैम (बिलासपुर) में आवासीय योजना के अंतर्गत बालिकाओं के प्रवेश हेतु चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। यह चयन ट्रायल 1 और 2 मार्च को भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर में आयोजित होंगे।
12 से 18 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं ले सकती हैं भाग
साई केंद्र प्रभारी विजय प्रकाश नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन प्रक्रिया का उद्देश्य रोइंग, कायकिंग और कैनोइंग जैसी जल क्रीड़ा विधाओं में प्रतिभाशाली बालिकाओं को प्रशिक्षित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। इस चयन ट्रायल में 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं भाग ले सकती हैं। हालांकि 12 से 16 वर्ष आयु वर्ग की प्रतिभागियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
इच्छुक प्रतिभागियों को ट्रायल के समय निम्न दस्तावेज साथ लाने होंगे:
जन्म तिथि प्रमाण पत्र
आधार कार्ड
खेल प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो)
तीन नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो
चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
आवासीय योजना के अंतर्गत चयनित प्रशिक्षुओं को शासन के मानकों के अनुसार निम्न सुविधाएं प्रदान की जाएंगी:
निःशुल्क आवास
पौष्टिक भोजन
शिक्षा शुल्क
चिकित्सीय सुविधा
खेल किट
बीमा सुविधा
विभिन्न प्रतियोगिताओं में भागीदारी का अवसर
स्पष्ट किया गया है कि चयन ट्रायल में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को कोई टीए/डीए देय नहीं होगा। चयनित खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से सूचित किया जाएगा।
संपर्क जानकारी
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी दूरभाष नंबर 01978-222405 और 01978-299033 पर संपर्क कर सकते हैं।