जनवरी 2026 में बिलासपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान

rakesh nandan

09/01/2026

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर द्वारा जनवरी 2026 के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को एक संस्कृति के रूप में विकसित करना तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। इस संबंध में जानकारी देते हुए आरटीओ बिलासपुर राजेश कौशल ने बताया कि अभियान के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय खैरियां, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पेहड़वीं, ग्राम सभा सहकारी समिति वितरण केंद्र कंदरौर, प्रदूषण जांच केंद्र कंदरौर, घुमाणी चौक, औहर–मनाली रोड स्थित फ्लाईओवर, बिलासपुर–भगेड़ फोरलेन मार्ग पर चलने वाले यात्री वाहनों एवं बसों के चालकों तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नंद के विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण के दौरान गोविंद सागर झील क्षेत्र के धराड़ सानी में भी विद्यार्थियों और आम लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान वाहन चालकों, यात्रियों, राहगीरों एवं विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के संभावित कारणों, उनसे बचाव के उपायों तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से अपील की गई कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। इसके अतिरिक्त पैदल राहगीरों की सुरक्षा, वाहनों के नियमित निरीक्षण, धुंध व कोहरे के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

आरटीओ ने गुड समैरिटन एवं गोल्डन राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने वाले नेक नागरिकों को 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। वहीं दुर्घटना में घायल व्यक्ति के उपचार हेतु सरकार द्वारा 1.5 लाख रुपये तक की सहायता राशि का प्रावधान किया गया है। जागरूकता अभियान के दौरान पोस्टर एवं पंपलेट वितरित किए गए तथा विभिन्न स्थानों पर बैनर लगाए गए। आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया गया।