जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज बचत भवन, बिलासपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समारोह के आयोजन से जुड़े सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस समारोह मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र), बिलासपुर के प्रांगण में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। समारोह के दौरान मुख्यातिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा, जिसके पश्चात पुलिस, होमगार्ड, वन मित्र एवं एनसीसी की टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मुख्यातिथि समारोह से पूर्व चंगर स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस देश के संविधान, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र निर्माताओं के योगदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन से जुड़े सभी दायित्वों को समयबद्ध और सुचारू रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जिला स्तरीय समारोह गरिमापूर्ण और सफल रूप से संपन्न हो सके।
बैठक का संचालन सहायक आयुक्त राजकुमार ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
