बिलासपुर में 173 पंचायतों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

rakesh nandan

06/02/2026

जिला बिलासपुर की कुल 175 ग्राम पंचायतों में से 173 ग्राम पंचायतों की निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इनमें पंचायत समिति सदर, घुमारवीं, झंडूता, श्री नैना देवी जी तथा जिला परिषद बिलासपुर के सभी निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन 173 ग्राम पंचायतों में कुल 3,13,888 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,57,692 पुरुष तथा 1,56,196 महिला मतदाता शामिल हैं।

यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि जिला में पंचायती राज संस्थाओं की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के अंतर्गत किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर में वर्तमान में कुल 1129 ग्राम पंचायत वार्ड, 97 पंचायत समिति वार्ड तथा 14 जिला परिषद वार्ड निर्धारित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत बाडनू-दिगथली तथा ग्राम पंचायत सुई-सुरहाड का पुनर्गठन कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है। इन दोनों पंचायतों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन पुनर्गठन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात किया जाएगा।