जिला बिलासपुर में सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा शनिवार को जिले में विशेष एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 41 बेटियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के अगले चरण के तहत 31 मई 2026 को भी जिला भर के 30 चिन्हित स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष एचपीवी टीकाकरण कैंप लगाए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य उन पात्र बालिकाओं तक पहुंचना है, जो अब तक किसी कारणवश टीकाकरण से वंचित रह गई हैं।
उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। जिले में कुल 2735 पात्र बालिकाओं की पहचान की गई है, जिनमें से 24 मई 2026 तक 1061 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। इस प्रकार जिले में अब तक 39 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज हासिल की गई है।
स्वास्थ्य खंडवार आंकड़ों के अनुसार मार्कंड क्षेत्र में 246, घुमारवीं में 311, झंडूता में 343 तथा श्री नैना देवी जी क्षेत्र में 161 बालिकाओं का टीकाकरण 29 मार्च से 24 मई 2026 के बीच किया जा चुका है। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार फील्ड में जाकर जागरूकता अभियान चला रही हैं, ताकि शेष पात्र बालिकाओं को भी समय पर टीका लगाया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि भारत में सर्विकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे सामान्य कैंसर है। हर वर्ष देश में लगभग 1.2 से 1.3 लाख नए मामले सामने आते हैं, जबकि 75 से 80 हजार महिलाओं की इस बीमारी के कारण मृत्यु हो जाती है। उन्होंने बताया कि एचपीवी वायरस इस कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर टीकाकरण से इससे प्रभावी सुरक्षा प्राप्त की जा सकती है।
राहुल कुमार ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन बेटियों को भविष्य में सर्विकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करें और पात्र बालिकाओं को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित और निःशुल्क है। टीकाकरण से संबंधित सभी विवरण यू-विन डिजिटल पोर्टल पर दर्ज किए जा रहे हैं। अभिभावक पोर्टल पर पंजीकरण कर अपॉइंटमेंट ले सकते हैं या सीधे नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जाकर भी अपनी बेटियों का टीकाकरण करवा सकते हैं। टीकाकरण केंद्र पर आयु प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य है।
उपायुक्त ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे 31 मई को आयोजित होने वाले विशेष एचपीवी टीकाकरण शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और पात्र बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य सुनिश्चित करें।