बिलासपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान मार्च से

rakesh nandan

17/02/2026

राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन, बिलासपुर में जिला टास्क फोर्स (इम्यूनाइजेशन) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मार्च और अप्रैल माह में चलाए जाने वाले एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की विस्तृत कार्य योजना पर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों के लिए यह विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत लगभग 4 हजार पात्र किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा। अभियान अवधि के दौरान आयु सीमा में 15 वर्ष तथा अतिरिक्त 90 दिनों तक की छूट भी प्रदान की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गर्भाशय ग्रीवा (सर्विक्स) कैंसर महिलाओं में गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसका प्रमुख कारण एचपीवी संक्रमण है। एचपीवी वायरस के 200 से अधिक प्रकार हैं, जिनमें से 17 कैंसरकारी हैं। विशेष रूप से एचपीवी-16 और एचपीवी-18 भारत में लगभग 83 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर मामलों के लिए जिम्मेदार हैं। समय पर टीकाकरण और स्क्रीनिंग से इस कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अभियान के दौरान एएनएम, एलएचवी नर्स, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिला आरोग्य समिति और स्वास्थ्य कर्मी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। टीकाकरण केवल कोल्ड-चेन युक्त सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ही किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि पंजीकरण युविन (U-WIN) पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। अभिभावक स्वयं ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं या टीकाकरण स्थल पर ऑन-साइट पंजीकरण भी उपलब्ध रहेगा।

उपायुक्त ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए तथा अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण करवाकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित बनाएं।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. शशिदत्त शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।