दीनदयाल अंत्योदय योजना-दृ राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत नगर परिषद बिलासपुर के स्वयं सहायता समूहों द्वारा दिवाली के उपलक्ष्य में हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री का आयोजन चम्पा पार्क, बिलासपुर में किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 11 अक्तूबर से 20 अक्तूबर 2025 तक शहरी विकास विभाग के सौजन्य से आयोजित की जा रही है।
नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी वर्षा चौधरी ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी स्वयं सहायता समूहों को प्रदर्शनी में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
प्रदर्शनी में कुल 12 स्वयं सहायता समूह अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों के साथ भाग ले रहे हैं। दिवाली के अवसर पर यह आयोजन स्थानीय उत्पादों और हस्तकला को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है।
️ प्रदर्शनी में प्रस्तुत उत्पाद
खाद्य सामग्री: अचार, चटनी, मुरब्बा, जैम, शिरा, पापड़, मक्की व चावल का आटा, पॉपकॉर्न, कैंडी, नमक, अनारदाना और स्थानीय मसाले।
हस्तनिर्मित वस्त्र और सजावट: स्वेटर, कुशन, टेबल मेट, दीवान सेट, भगवान के वस्त्र, वेस्ट मटेरियल से बने उत्पाद, ऊनी वस्त्र और हाथ से बने सजावटी फूल तथा अन्य घरेलू सजावट के सामान।
फास्ट फूड कॉर्नर: कचौरी, सिड्डू, चाय, मोमोज जैसे स्वादिष्ट व्यंजन।
हर्बल सेक्शन: हर्बल साबुन और अन्य प्राकृतिक उत्पाद।
प्रदर्शनी आम जनता के लिए प्रातः 10 बजे से सायं 7 बजे तक खुली रहेगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन टीम की प्रबंधक वंदना लखनपाल, मुनीश ठाकुर और सीओ सुनीला कुमारी भी उपस्थित रहीं।
इस प्रदर्शनी का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में कार्यरत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके हस्तनिर्मित उत्पादों को बाजार से जोड़ना है।
 
					