बिहार जनादेश ने कांग्रेस को नकारा: राजीव बिंदल

rakesh nandan

14/12/2025

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि बिहार का चुनाव किसी भी दृष्टि से छोटा चुनाव नहीं था, बल्कि यह देश की राजनीति की दिशा तय करने वाला जनादेश था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सशक्त नेतृत्व में बिहार से कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो गया है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि बिहार में कांग्रेस का केवल छह सीटों तक सिमटना उसकी गिरती हुई साख और जनता द्वारा नकारे जाने का प्रमाण है। उन्होंने दावा किया कि यही स्थिति 2027 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिलेगी, जहां कांग्रेस दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने धर्मशाला में भाजपा द्वारा किए गए ऐतिहासिक और प्रचंड प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस जनसैलाब ने कांग्रेस को असहज कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता कांग्रेस की कुशासन, भ्रष्टाचार और झूठे वादों वाली सरकार से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा का संघर्ष हिमाचल को फिर से विकास, सुशासन और विश्वास के मार्ग पर लाने के लिए है। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से कहा कि “तीर-धनुष भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को सौंपा गया है और उनका निशाना अचूक है।” उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में भाजपा निर्णायक जीत हासिल करेगी।