भोरंज में 12 जनवरी को लोहड़ी उत्सव, अनुज शर्मा होंगे आकर्षण

rakesh nandan

09/01/2026

उपमंडल मुख्यालय भोरंज में इस बार भी लोहड़ी उत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। प्रशासन द्वारा इसको लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

एसडीएम शशिपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 जनवरी की शाम को आयोजित होने वाले इस लोहड़ी उत्सव में स्थानीय विधायक सुरेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण हिमाचल प्रदेश के स्टार कलाकार एवं इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा होंगे। इसके अलावा स्थानीय लोक कलाकारों, महिला मंडलों तथा शिक्षण संस्थानों के सांस्कृतिक दलों को भी अपनी प्रस्तुतियां देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

एसडीएम ने बताया कि उत्सव के दौरान पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है। सम्मू ताल, सरकाघाट रोड, तरक्वाड़ी रोड सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने लोहड़ी उत्सव में आने वाले सभी लोगों से अपील की है कि वे पार्किंग, यातायात एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि यह उत्सव शांतिपूर्ण एवं भव्य रूप से संपन्न हो सके।