नशा मुक्त अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भोरंज की उपमंडल स्तरीय नशा निवारण समिति द्वारा निरंतर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं तथा इस दिशा में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 18 फरवरी को ग्राम पंचायत भौंखर में नशा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह जानकारी देते हुए एसडीएम एवं उपमंडल स्तरीय नशा निवारण समिति के अध्यक्ष शशिपाल शर्मा ने वीरवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर नशा मुक्त अभियान की समीक्षा की तथा भौंखर में आयोजित की जाने वाली कार्यशाला की रूपरेखा तय की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों का सक्रिय सहयोग अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए आम लोगों में जागरूकता फैलाना सबसे महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से उपमंडल स्तरीय समिति जन जागरूकता पर विशेष जोर दे रही है।
एसडीएम ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जागरूकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और जनसहभागिता से ही नशा मुक्त समाज का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
बैठक में तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव चंदेल, डिग्री कॉलेज से डॉ. प्रिंस ठाकुर, सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा, भोरंज थाना प्रभारी प्रशांत ठाकुर, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनील कुमार, बीएमओ कार्यालय से संजीव कतना, आईटीआई प्रशिक्षण प्रभारी संजीव कुमार धीमान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
