धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाली भवानी ठाकुर को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) हिमाचल प्रदेश का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। संगठन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा उन पर विश्वास जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपनी नियुक्ति पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सुखविंदर सिंह सुक्खू, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी, प्रदेश प्रभारी आकाश चौधरी एवं प्रदेश अध्यक्ष अभिनंदन ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
भवानी ठाकुर ने महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय सुंदरनगर से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है तथा वर्तमान में राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही हैं। वह पिछले पाँच वर्षों से एनएसयूआई से जुड़ी हुई हैं और छात्र हितों से जुड़े आंदोलनों व कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा को सशक्त बनाने, छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए वह पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।