नशा मुक्त अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उपमंडल स्तरीय रैडक्रॉस सोसाइटी एवं उपमंडलीय नशा निवारण समिति द्वारा ग्राम पंचायत भौंखर के गांव खुथड़ीं में ‘संकल्प’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम एवं उपमंडल स्तरीय रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शशिपाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में एसडीएम ने कहा कि नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। विशेषकर युवाओं को नशे से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी कुलवंत सिंह, तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव सिंह चंदेल, तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, थाना प्रभारी प्रशांत ठाकुर तथा अन्य अधिकारियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी।
जय बाबा कमलाहिया संस्था के लोक कलाकारों, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं तथा हाई स्कूल खुथड़ीं के विद्यार्थियों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी और मटका फोड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान वीरेंद्र कुमार, संतोषी माता मंदिर कमेटी के प्रधान बलवंत सिंह, ग्राम सुधार सभा के अध्यक्ष विनोद कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
