बाल आश्रम सुजानपुर के बच्चों को आवास, शैक्षणिक सुविधाएं, सम्मानजनक जीवन, मनोरंजन तथा उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला प्रशासन और वीनस फाउंडेशन के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ तथा वीनस फाउंडेशन की ओर से मैनेजिंग ट्रस्टी एकता चौधरी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
एमओयू के पश्चात उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि Venus Remedies Limited द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत गठित वीनस फाउंडेशन ट्रस्ट विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी कड़ी में अब ट्रस्ट बाल आश्रम सुजानपुर के बच्चों को शिक्षा, प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहयोग करेगा।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि वीनस फाउंडेशन द्वारा अगले माह बाल आश्रम के बच्चों के लिए जयपुर शैक्षणिक एवं भ्रमण टूर भी प्रायोजित किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बच्चे 8 फरवरी को सड़क मार्ग से चंडीगढ़ जाएंगे तथा वहां से वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से जयपुर पहुंचेंगे। जयपुर में वे 9, 10 और 11 फरवरी को ऐतिहासिक, धार्मिक, पर्यटक स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण करेंगे। वापसी के दौरान 12 फरवरी को बच्चे जयपुर से चंडीगढ़ तक हवाई यात्रा करेंगे और उसके बाद सड़क मार्ग से सुजानपुर लौटेंगे। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि वीनस फाउंडेशन की यह पहल बाल आश्रम के बच्चों के जीवन में नई खुशियां, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
