बकरोआ–भगेड़ में लो-वोल्टेज समस्या का स्थायी समाधान

rakesh nandan

30/01/2026

घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के बकरोआ और भगेड़ में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या का अब स्थायी समाधान हो गया है। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के प्रयासों से इन दोनों क्षेत्रों में दो नए विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिए गए हैं।

बकरोआ और भगेड़ में विद्युत आपूर्ति की अनियमितता तथा लो-वोल्टेज के कारण क्षेत्रवासियों को घरेलू उपयोग, छोटे व्यवसाय, कृषि कार्य और विद्यार्थियों की पढ़ाई में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा इस समस्या को मंत्री के समक्ष रखे जाने पर उन्होंने इसे प्राथमिकता देते हुए विद्युत विभाग के माध्यम से नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना सुनिश्चित की।

नए ट्रांसफार्मरों के स्थापित होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ और स्थिर हुई है। इससे आम जनता के साथ-साथ दुकानदारों, किसानों और विद्यार्थियों को भी सीधा लाभ मिला है। स्थानीय लोगों ने वर्षों पुरानी समस्या के समाधान पर मंत्री का आभार व्यक्त किया है।

इस संबंध में मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं का समाधान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बकरोआ और भगेड़ में नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना से लोगों को लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिली है और भविष्य में भी क्षेत्र में विद्युत ढांचे को और मजबूत किया जाएगा।