बचत भवन की नवनिर्मित दुकान 18 फरवरी को नीलाम होगी

rakesh nandan

07/02/2026

उपायुक्त कार्यालय परिसर में स्थित बचत भवन की प्रथम मंजिल पर बाजार की ओर नवनिर्मित दुकान को आधे बरामदे सहित मासिक किराये के आधार पर नीलाम किया जाएगा। दुकान की नीलामी प्रक्रिया 18 फरवरी को प्रातः 11 बजे बचत भवन में पूर्ण की जाएगी।

इसका न्यूनतम आरक्षित मासिक किराया 18,000 रुपये निर्धारित किया गया है। नीलामी में भाग लेने वाले प्रत्येक बोलीदाता को नीलामी से पूर्व 10,000 रुपये की धरोहर राशि उपायुक्त के सहायक आयुक्त कार्यालय में जमा करवानी होगी।

दुकान अधिकतम बोलीदाता को तीन वर्षों की अवधि के लिए किराये पर दी जाएगी। सफल बोलीदाता को नीलामी के तीन दिन के भीतर तीन माह का किराया अग्रिम राशि के रूप में जमा करवाना अनिवार्य होगा। असफल बोलीदाताओं द्वारा जमा करवाई गई धरोहर राशि नीलामी के उपरांत वापस कर दी जाएगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त के सहायक आयुक्त एवं जिला बचत विकास एवं सेवा समिति के सचिव चिराग शर्मा ने बताया कि नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित अपने आवेदन 17 फरवरी को सायं 5 बजे तक उपायुक्त के सहायक आयुक्त कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।

नीलामी से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति इसी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।