विधायक सुरेश कुमार ने मंगलवार को अवाह देवी में अवाह देवी से चंडीगढ़ के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की नई बस सेवा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने अवाह देवी कस्बे के सौंदर्यीकरण कार्य तथा सर्कुलर रोड के उन्नयन कार्य का शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि अवाह देवी से चंडीगढ़ के लिए शुरू की गई नई बस सेवा से क्षेत्र के हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी। यह बस अवाह देवी से बस्सी और लदरौर होकर चंडीगढ़ पहुंचेगी, जिससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को चंडीगढ़ तक के सफर के लिए सीधा, सुलभ और सुरक्षित विकल्प उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए परिवहन सेवाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल अवाह देवी के सौंदर्यीकरण और सर्कुलर रोड के उन्नयन के लिए नाबार्ड के माध्यम से 2.40 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इन कार्यों से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और अवाह देवी को एक प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विजय बन्याल सहित लोक निर्माण विभाग और एचआरटीसी के अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।