अतुल्य भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म से हिमाचल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

rakesh nandan

01/12/2025

संसद के सत्र के पहले दिन शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप द्वारा पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या 139 के लिखित उत्तर में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा विकसित संशोधित “अतुल्य भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म” देश के पर्यटन को आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह नया डिजिटल प्लेटफॉर्म भारत की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन, पाक कला, कला–शिल्प, वेलनेस टूरिज्म, और ग्रामीण पर्यटन जैसे विविध आयामों को एकल डिजिटल मंच पर प्रदर्शित करता है। प्लेटफॉर्म में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे पर्यटक मौसम, मार्गदर्शन, शहर-विशेष जानकारी और आवश्यक यात्रा सेवाएँ रीयल टाइम में प्राप्त कर सकेंगे। पर्यटन मंत्रालय ने यह भी बताया कि यह प्लेटफॉर्म कई प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों से एकीकृत है। इसके माध्यम से यात्री एक ही मंच पर—

  • उड़ान टिकट

  • होटल बुकिंग

  • टैक्सी व बस सेवा

  • एएसआई स्मारकों के टिकट

आसानी से बुक कर पाएंगे। इससे यात्रियों को पारदर्शिता, सुविधा, और समय की बचत सुनिश्चित होगी।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि यह डिजिटल पहल हिमाचल प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पर्यटन-प्रधान राज्य को इससे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिलेगी और पर्यटकों का आवागमन तेजी से बढ़ेगा।


हिमाचल प्रदेश को होने वाले प्रमुख लाभ

✔️ पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय डिजिटल प्रमोशन

हिमाचल के प्रमुख एवं उभरते पर्यटन स्थलों की वैश्विक पहुंच बढ़ेगी।

✔️ स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति

पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय व्यापार, होम-स्टे, होटल, टैक्सी सेवाओं को प्रत्यक्ष लाभ।

✔️ रोजगार के नए अवसर

पर्यटन से जुड़े सभी क्षेत्रों में रोजगार सृजन की गति तीव्र होगी।

✔️ ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी यात्रा अनुभव

डिजिटल मार्गदर्शन से यात्रियों का अनुभव होगा अधिक भरोसेमंद और सुविधाजनक।

✔️ ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों का विकास

ग्रामीण पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

सांसद सुरेश कश्यप ने केंद्र सरकार और पर्यटन मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “अतुल्य भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म हिमाचल पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।”