अटल जी की पुण्य स्मृति में संगोष्ठी का आयोजन

rakesh nandan

30/12/2025

भारतीय राजनीति के युगपुरुष, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य स्मृति को समर्पित अटल स्मृति संगोष्ठी का आयोजन ग्राम नवादा स्थित सुरेश सैनी के निवास पर अत्यंत गरिमामयी एवं भावपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पांवटा साहिब के विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी तथा अटल स्मृति दिवस प्रभारी, पांवटा विधानसभा एवं प्रदेश महामंत्री, भारतीय जनता युवा मोर्चा सुशील कडशोली विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान नेता थे जिन्होंने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने राजनीति को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बनाया। अटल जी के विचार—राष्ट्रप्रथम, अंत्योदय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा—आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक हैं। सुशील कडशोली ने अटल जी के जीवन दर्शन, राजनीतिक यात्रा और राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी वैचारिक मतभेदों के बावजूद सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले शिखर पुरुष थे। वे संसदीय मर्यादाओं के सजग प्रहरी, संवाद और सहमति की राजनीति के प्रबल समर्थक तथा लोकतंत्र की आत्मा को सशक्त करने वाले नेता थे।

संगोष्ठी में अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों को विशेष रूप से स्मरण किया गया, जिनमें भारत को परमाणु शक्ति के रूप में स्थापित करना, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा संतुलित एवं साहसी विदेश नीति शामिल रही। वक्ताओं ने कहा कि अटल जी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, ओजस्वी वक्ता और प्रखर विचारक भी थे। उनकी कविताओं में राष्ट्रप्रेम, मानवीय करुणा और आशावाद की झलक स्पष्ट दिखाई देती है।

कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलने, राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता एवं मर्यादित राजनीति को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। विशेष रूप से युवाओं को अटल जी के विचारों से जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री सुभाष चौधरी, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष अविनाश सैनी, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष अरुण समरान, प्रदेश युवा मोर्चा सोशल मीडिया प्रभारी संजय बस्टा, पांवटा युवा मोर्चा अध्यक्ष संयम गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।