उपायुक्त राहुल कुमार ने आज ‘अपना विद्यालय’ स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम के तहत गोद लिए पीएम श्री छात्र स्कूल बिलासपुर का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग देते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण और निरंतर परिश्रम के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने, गलत संगत से बचने और अनुशासन को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेलकूद और सह-पाठ्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी से शारीरिक व मानसिक विकास के साथ-साथ आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। दौरे के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, कक्षाओं की व्यवस्था, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों से संवाद कर पठन-पाठन की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शैक्षणिक परिणामों की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक सुधारों पर चर्चा की।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत जिलाभर के सरकारी स्कूलों को स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम के अंतर्गत गोद लिया गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि ‘माई स्कूल–माई प्राइड’ जैसे अभियानों और करियर काउंसलिंग के माध्यम से स्कूलों को सशक्त बनाया जा रहा है। साथ ही स्कूल प्रमुखों द्वारा स्वयंसेवियों और गणमान्य व्यक्तियों को विद्यालयों के विकासात्मक कार्यों में सहयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता रोहित गुप्ता ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्याम लाल सहित अन्य अध्यापक उपस्थित रहे।
