पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल कांग्रेस द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर की गई टिप्पणी को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी प्रशासनिक नाकामियों को छुपाने के लिए निस्वार्थ भाव से राष्ट्र हित में कार्यरत विश्व की सबसे बड़ी राष्ट्रसेवी संस्था — राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भ्रामक और ओछी बयानबाजी कर रही है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि विकास, कानून व्यवस्था, गारंटियों के क्रियान्वयन और जनभावनाओं के सम्मान—हर मोर्चे पर मौजूदा कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की विफलताओं की सूची अंतहीन है लेकिन अहंकार चरम पर है। उन्होंने कहा कि आरएसएस ने देश की राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक संरक्षण, सामाजिक उत्थान और आपदा राहत कार्यों में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, फिर भी कांग्रेस इसे राजनीतिक लाभ के लिए निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि आरएसएस पर कांग्रेस की ओछी टिप्पणी और दूषित सोच प्रदेश की राजनीति के स्तर को गिराने वाली है और कांग्रेस को इसके लिए सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस खुद जनता से किए वादे पूरे नहीं कर पाई, इसलिए ध्यान भटकाने के लिए संघ पर आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस कभी सेवा भाव से काम करती तो उसे संघ के कार्यों में समस्या महसूस न होती।
उन्होंने कहा कि आरएसएस ने एक शताब्दी के दौरान सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया है। संघ ने करोड़ों लोगों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है और आज़ाद भारत के निर्माण में ईमानदारी व निष्ठा से योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, राष्ट्रीय संकटों और सामाजिक चुनौतियों के दौरान संघ के स्वयंसेवकों ने राहत व बचाव कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाई है। इसके बावजूद कांग्रेस नेता झूठे तथ्यों के आधार पर संघ की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक पूर्वाग्रह के बावजूद आरएसएस ने कभी राष्ट्र व समाज की सेवा से मुंह नहीं मोड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रायोजित दुष्प्रचार कभी सफल नहीं होगा, क्योंकि संघ एक समावेशी, राष्ट्रवादी और समाज निर्माण में जुटा संगठन है, जिसने भारत की सांस्कृतिक पहचान को विश्व स्तर पर मजबूत किया है।