पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी जी राम जी, ग्रामीण भारत के लिए मोदी सरकार का एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में भी मदद मिलेगी।
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह हमेशा विकास के मुद्दों पर भ्रम फैलाने का प्रयास करती रही है। कांग्रेस को केवल गांधी नाम की राजनीति करनी आती है, जबकि भाजपा ने ग्राम स्वराज और गरीब कल्याण की अवधारणा को ज़मीनी स्तर पर लागू किया है।
उन्होंने कहा कि रोजगार गारंटी योजनाएं दशकों से चल रही हैं, लेकिन कांग्रेस ने समय-समय पर केवल नाम बदलने का काम किया। वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योजनाओं में पारदर्शिता लाई गई और तकनीक के माध्यम से निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई।
अनुराग ठाकुर ने बताया कि जी राम जी योजना के तहत डिजिटल हाजिरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी, समयबद्ध भुगतान और 125 दिन के रोजगार की गारंटी सुनिश्चित की गई है। मजदूरी का भुगतान अब 8–10 दिनों में सीधे खातों में पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए यह योजना विशेष रूप से लाभकारी है, क्योंकि इसमें राज्य का योगदान केवल 10 प्रतिशत होगा। भाजपा गरीब कल्याण और ग्रामीण विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है, जबकि कांग्रेस गरीबी को राजनीति का आधार बनाकर रखना चाहती है।
