किन्नौर में एंटी चिट्टा वॉकथॉन, नेगी ने दिलाई शपथ

rakesh nandan

24/12/2025

चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिला में आई.टी.बी.पी. ग्राउंड रिकांग पिओ से पंजाब नेशनल बैंक तक आयोजित एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं वॉकथॉन का नेतृत्व किया। इस वॉकथॉन में लगभग ढाई हजार लोगों ने भाग लिया, जिनमें जिला के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, सरकारी कर्मचारी और आम नागरिक शामिल रहे। मंत्री ने सर्वप्रथम उपस्थित जनसमूह को चिट्टा मुक्त हिमाचल की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार चिट्टा जैसे घातक नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं इस अभियान से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेकर युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि चिट्टा जैसे नशे ने युवाओं के भविष्य और समाज की जड़ों को कमजोर किया है। इससे निपटने के लिए प्रशासन के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी अनिवार्य है।

🔹 सूचना देने पर मिलेगा इनाम

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा चिट्टा तस्करी की सूचना देने वालों को आकर्षक इनाम दिया जाएगा—

  • 2 ग्राम चिट्टा: ₹10,000

  • 5 ग्राम: ₹25,000

  • 25 ग्राम: ₹50,000

  • 1 किलो: ₹5 लाख

  • 1 किलो से अधिक: ₹10 लाख

  • बड़े गिरोह की सूचना पर: ₹5 लाख

सूचना 112 नंबर पर दी जा सकती है।

इस अवसर पर मंत्री ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला पांगी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के लिए ₹25,000 की राशि प्रदान की। उन्होंने एंटी-चिट्टा हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया और सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर सहभागिता भी सुनिश्चित की। उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन स्कूलों, कॉलेजों और पंचायत स्तर पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है ताकि आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखा जा सके।