नादौन में चिट्टा विरोधी रैली, ध्यानू भक्त समाधि पर सफाई अभियान

rakesh nandan

04/02/2026

रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडल इकाई ने मंगलवार को नादौन में विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से चिट्टा विरोधी रैली निकाली। इसके उपरांत ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल ध्यानू भक्त की समाधि तथा आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया।

निशांत शर्मा, एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष ने इस चिट्टा विरोधी रैली को मिनी सचिवालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली नादौन कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई ध्यानू भक्त की समाधि स्थल पर पहुंची।

रैली में रैडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनएसएस वॉलंटियर, एनसीसी कैडेट, स्काउट्स एवं गाइड्स, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि तथा अन्य संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक किया।

रैली के उपरांत सभी प्रतिभागियों द्वारा ध्यानू भक्त की समाधि एवं आसपास के क्षेत्र में झाड़ियों और कचरे को हटाकर स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर एसडीएम निशांत शर्मा ने कहा कि नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लक्ष्य भी जन सहयोग से ही हासिल किए जा सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के नई दिशा केंद्र की काउंसलर ने भी नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी साझा की।

इस अभियान में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश भारद्वाज, जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल, तहसीलदार रोहित कंवर, बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी रमन शर्मा, शिक्षकों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, आंगनवाड़ी एवं आशा वर्कर्स सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।