सांस्कृतिक गतिविधियां युवाओं को नशे से दूर रखती हैं: अनिरुद्ध सिंह

rakesh nandan

14/01/2026

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि युवाओं में शैक्षणिक एवं मानसिक तनाव को कम करने के लिए सांस्कृतिक गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं, ताकि वे मनोरंजन के साथ-साथ नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सशक्त बना सकें। वह गेयटी थिएटर में फागू-ठियोग छात्र कल्याण संगठन द्वारा आयोजित “शोभला ठियोग” समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने दोनों छात्र कल्याण संगठनों को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि वर्ष भर पढ़ाई और प्रतिस्पर्धा के कारण बच्चों पर मानसिक दबाव रहता है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को तनावमुक्त करने, सामाजिक मेल-मिलाप बढ़ाने और समृद्ध लोक संस्कृति को संजोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहते हुए सकारात्मक सोच अपनाएं और अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि फागू-ठियोग क्षेत्र के युवाओं की एकता सराहनीय है और इसे भविष्य में भी बनाए रखना चाहिए, ताकि यह क्षेत्र विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों में और आगे बढ़ सके।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध कुलदीप शर्मा (नाटी किंग) ने अपनी गायकी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके अलावा फागू-ठियोग क्षेत्र के उभरते युवा कलाकारों तथा विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने पहाड़ी नाटियों सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों एवं छात्र संगठन के पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर नगर निगम शिमला के पार्षद, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।