उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार को अंब उपमंडल के दिलवां में इंडियन ऑयल के सौजन्य से नवस्थापित शिव रूद्रा पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पेट्रोल पंप के प्रबंधक प्रवीन शर्मा एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा बताया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवीन शर्मा मूलतः समाजसेवी एवं आध्यात्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्रवासियों को एक आवश्यक सुविधा उपलब्ध हुई है। उन्होंने सहकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और विकास को गति देते हैं।
🟦 130 करोड़ से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर विकास को गति
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी से पूरे प्रदेश की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मंदिर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए भव्य भवन निर्माण, परिसर सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए पहले चरण में लगभग 130 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसमें 75 करोड़ रुपये प्रदेश सरकार द्वारा तथा शेष राशि स्वदेश दर्शन योजना के माध्यम से प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि जब महाकाल, वैष्णो देवी और वृंदावन जैसे तीर्थ स्थलों का विकास संभव है, तो माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के विकास में देरी का कोई औचित्य नहीं है।
🟦 सिंचाई व पेयजल योजनाओं पर सवा सौ करोड़ खर्च
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं पर लगभग सवा सौ करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय विधायक की मांग पर जलापूर्ति योजनाओं के मरम्मत कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि ऊना जिले में ‘हर घर, हर खेत पानी’ लक्ष्य को मिशन मोड में लागू किया जा रहा है। मंदिर क्षेत्र एवं आसपास की 16 पंचायतों की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान हेतु 13 करोड़ रुपये की योजना पूर्ण हो चुकी है।
🟦 विधायक ने रखी विकास प्रगति
विधायक सुदर्शन बबलू ने प्रवीन शर्मा के सामाजिक, आध्यात्मिक एवं उद्यमी योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जलशक्ति विभाग की अधिकांश योजनाओं का 70 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष आगामी छह माह में पूरा किया जाएगा।
🟦 सेवा भावना से किया गया प्रयास : प्रवीन शर्मा
पेट्रोल पंप प्रबंधक प्रवीन शर्मा ने कहा कि यह प्रयास सेवा एवं जनहित की भावना से किया गया है और माता रानी एवं भोले बाबा के आशीर्वाद से क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया है।
🟦 उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर हिमाचल के महाधिवक्ता अनूप रत्न, राज्य अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, रणजीत राणा, राजेश पराशर, अशोक ठाकुर, अखिल अग्निहोत्री सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
