44वें पेंशनर दिवस के अवसर पर जिला सिरमौर पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ द्वारा पायल होटल, नाहन में आयोजित कार्यक्रम में नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अजय सोलंकी ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान को समाज और शासन की मजबूत नींव बताया। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि पेंशनर वर्षों तक ईमानदारी और निष्ठा से सेवा देने के बाद भी आज अनेक मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगें, विशेषकर मेडिकल बिलों का भुगतान, डीए (महंगाई भत्ता) सहित अन्य विषयों को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष पुरजोर और प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संयोगवश आज स्वयं मुख्यमंत्री भी घुमारवीं में पेंशनर दिवस कार्यक्रम में उपस्थित हैं, जिससे पेंशनरों की आवाज़ सरकार तक और अधिक मजबूती से पहुंचेगी। विधायक ने भावुक शब्दों में कहा कि वे स्वयं तथा मुख्यमंत्री दोनों पेंशनर के पुत्र हैं, इसलिए पेंशनरों की पीड़ा और आवश्यकताओं को सरकार भली-भांति समझती है और उनके सम्मान व अधिकारों के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है। कार्यक्रम से पूर्व विधायक अजय सोलंकी ने अपने निवास स्थित कार्यालय में नाहन विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि जनसेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अंत में विधायक ने पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ को इस गरिमामय आयोजन के लिए बधाई दी और पेंशनरों के सुखद, सम्मानजनक एवं सुरक्षित भविष्य की कामना की।
