10 साल पुराने आधार कार्ड अपडेट कराना जरूरी : डीसी

rakesh nandan

22/01/2026

उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिन नागरिकों का आधार कार्ड 10 वर्ष पहले बना है और उसके बाद कभी अपडेट नहीं हुआ, उन्हें शीघ्र अपने आधार दस्तावेज अपडेट करवाने चाहिए, ताकि भविष्य में आधार सत्यापन से जुड़ी किसी भी असुविधा से बचा जा सके

उपायुक्त ने बताया कि 5 वर्ष एवं 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का बायोमैट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है, वहीं 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार बनवाना भी अत्यंत आवश्यक है। यदि 5 या 15 वर्ष की आयु पूर्ण होने के दो वर्ष के भीतर आधार अपडेट नहीं किया जाता, तो आधार निष्क्रिय होने की संभावना रहती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 5 और 15 वर्ष की आयु के बाद बच्चों के चेहरे की फोटो, मोबाइल नंबर, फिंगरप्रिंट तथा पते का अपडेट अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि 5–7 वर्ष एवं 15–17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए बायोमैट्रिक अपडेट निशुल्क किया जाता है।

उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रवेश प्रक्रियाओं एवं विभिन्न ऑनलाइन आवेदनों में आधार प्रमाणीकरण आवश्यक हो गया है। एनटीए, नीट, आईआईटी, यूपीएससी, सीयूईटी जैसी परीक्षाओं के लिए आवेदन करते समय यदि आधार का बायोमैट्रिक अपडेट (MBU) या मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होगा, तो प्रमाणीकरण असफल हो सकता है

बैठक में यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय के प्रतिनिधि अभिषेक कुमार सहित जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।