भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं विधायक त्रिलोक जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू झूठ बोलने में माहिर हैं। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री के हालिया ब्रिटिश दौरे के दावे को भी गलत ठहराया।
त्रिलोक जमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपनी इंग्लैंड यात्रा के दौरान आधिकारिक तौर पर दावा किया कि वह हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स को संबोधित करने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री हैं। हालांकि, हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स के अधिकारियों के अनुसार यह दावा झूठा है और 24 सितंबर को किसी भी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स को संबोधित नहीं किया था।
कांग्रेस सरकार पर त्रिलोक जमवाल के मुख्य आरोप
- 
पुरानी पेंशन बहाल: कांग्रेस ने पुरानी पेंशन बहाल करने का वादा किया था, लेकिन प्रदेश में यह अभी तक पूरी तरह लागू नहीं हुई। 
- 
युवाओं के लिए रोजगार: 5 लाख रोजगार का वादा केवल नौकरियों को छीनने तक सीमित रह गया। 
- 
महिलाओं को मासिक सहायता: 28 लाख महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये मिलने का इंतजार अभी भी जारी है। 
- 
300 यूनिट मुफ्त बिजली: यह सुविधा बंद कर दी गई और अब केवल सपना बनकर रह गई। 
- 
फलों की कीमत तय करना: बागवानों द्वारा तय करने का वादा अधूरा, सेबों की कीमतों पर नियंत्रण नहीं। 
- 
स्टार्टअप फंड: युवाओं के लिए 680 करोड़ का स्टार्टअप फंड धरातल पर नहीं उतरा। 
- 
अंग्रेजी मीडियम स्कूल: हर विधानसभा में 4 अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोलने का वादा पूरा नहीं हुआ; स्कूल बंद किए जा रहे हैं। 
- 
मोबाइल क्लीनिक: हर गांव में मुफ्त इलाज का वादा अधूरा, कई तैयार पीएचसी बंद। 
- 
दूध की खरीद: पाशुपालकों से प्रतिदिन 10 लीटर दूध खरीदने का वादा पूरा नहीं हुआ। 
- 
गोबर खरीद: गोबर 2 रू किलो में खरीदने का वादा धरातल पर अधूरा; कई योजनाएं लागू नहीं। 
त्रिलोक जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर वर्ग से झूठ बोलती है—चाहे कर्मचारी, युवा, महिला या किसान हो। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से अपील की कि अब समय है कि वे अपने वादों और गारंटी का पालन करें।
 
					